द मीडिया टाइम्स डेस्क
पटना, 16 मई : पटना के रामपुर स्थित तपोवन कॉलोनी में बुडको द्वारा कराए जा रहे बॉक्स नाला सह सीसी सड़क निर्माण कार्य में लापरवाही और घटिया गुणवत्ता का आरोप लगा है। पाटलिपुत्रा नगर विकास समिति के अध्यक्ष रितेश कुमार बबलू ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कार्य में कई अनियमितताएं मिलीं। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर-पूर्व दिशा में करीब 12 फीट हिस्सा छोड़ दिया गया है, जहां बारिश का पानी जमा होने से लोगों को परेशानी और डेंगू फैलने का खतरा बढ़ सकता है।
इस मामले की शिकायत परियोजना निदेशक अशोक कुमार सिंह और बुडको के कार्यपालक अभियंता से की गई है। अधिकारियों ने जांच का आश्वासन दिया है। समिति ने चेतावनी दी है कि जांच के बाद भी जल्द कार्य शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
